*🌹🌞☕सुप्रभात☕🌞🌹*


💐💐💐💐💐💐💐💐💐


*🌹🌹आज का सुविचार🌹🌹*


*कभी भी घृणा को मन के अंदर जगह मत बनाने दो क्यूंकि घृणा का मोल प्रेम के सामने सिर्फ उतना है जितना की सोने के सामने लोहे का है।*


💐💐💐💐💐💐💐💐💐

 


*🌹📚दिनेश चन्द्र स•अ•📚🌹*


[26/09, 4:58 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*पीजीटी (प्रवक्ता) भर्ती:पीजीटी के 12 विषयों के साक्षात्कार पांच से 20 अक्तूबर तक*


*उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने 24 घंटे के अंदर साक्षात्कार कार्यक्रम किया जारी*


*माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने शुक्रवार को घोषित किया था पीजीटी के 12 विषयों की लिखित परीक्षा के परिणाम*


हिन्दुस्तान टीम,प्रयागराज:सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में पीजीटी (प्रवक्ता) भर्ती के शुक्रवार को घोषित 12 विषयों की लिखित परीक्षा के परिणाम में सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार पांच से 20 अक्तूबर तक होगा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने 24 घंटे के अंदर साक्षात्कार कार्यक्रम जारी कर दिया। भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, मनोविज्ञान, कला, तर्कशास्त्र, सैन्य विज्ञान, गृह विज्ञान एवं संगीत वादन का साक्षात्कार पांच से 14 अक्तूबर तक और संस्कृत व रसायन विज्ञान का साक्षात्कार 16 से 20 अक्तूबर तक होगा। उपसचिव नवल किशोर ने साफ किया कि साक्षात्कार तिथि व समय में परिवर्तन संभव नहीं होगा। पहले और दूसरे बैच का साक्षात्कार क्रमश: आठ व 12 बजे से शुरू होगा और रिपोर्टिंग का अंतिम समय क्रमश: 11 व तीन बजे है। कोविड गाइडलाइन का पालन करना होगा।


[26/09, 4:58 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*एलयू बीएड: पहले राउंड में 30 हजार को मिले कॉलेज*


*बीएड प्रवेश काउंसलिंग का पहला फेज पूरा,दूसरे के लिए शुरू हो चुके हैं पंजीकरण*


लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर से अगस्त माह में हुई उप्र संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2021-23 की काउंसलिंग के प्रथम चरण (रैंक 01 से 75,000 तक) के सीट आवंटन का परिणाम शनिवार को घोषित किया गया।पहले चरण में 36294 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण किया था और कुल 35727 अभ्यर्थियों ने विश्वविद्यालय या महाविद्यालय के विकल्प लॉक किए। 567 ऐसे अभ्यर्थी हैं जिन्होंने केवल पंजीकरण किया लेकिन कोई भी विकल्प लॉक नहीं किए। प्रथम चरण में कुल 30031 अभ्यर्थियों को उनके द्वारा चुने गए बीएड कॉलेजों में सीटें आवंटित हुई। इनमें सामान्य श्रेणी की 25632, अन्य पिछड़ा वर्ग की 1841, अनुसूचित जाति की 1165, अनुसूचित जनजाति की 30, अन्य राज्यों के 728 व आर्थिक रूप से पिछडा वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के 635 अभ्यर्थियों को विभिन्न विश्वविद्यालयों/महाविद्यालयों में सीटें आवंटित हुई हैं। द्वितीय चरण (स्टेट रैंक 75,001 से 2,00,000 तक) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई। प्रवेश राज्य समन्वयक प्रो. अमिता बाजपेयी ने कहा है कि अभ्यर्थी च्वाइस-फिलिंग प्रक्रिया में महाविद्यालय चयन के पूर्व वेबसाइट पर उपलब्ध महाविद्यालयों की सूची से अपनी पसंद के महाविद्यालयों के कोड नोट कर लें तथा उन्हें अपनी रुचि के क्रम में अधिकारिक संख्या में भरें, जिससे वे अपनी पसंद के बीएड महाविद्यालय में प्रवेश प्राप्त कर सकें।


[26/09, 4:58 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन से गिरा छत का हिस्सा*


*पांच दिन बाद ही एक और विद्यालय में बड़ा हादसा होने से बचा*


*रविवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की गिरी थी छत*


लखनऊ। हिन्दुस्तान टीम जिले में छह दिन के अन्दर एक और विद्यालय में बड़ा हादसा होने से बच गया। बेसिक और माध्यमिक दोनो ही विभाग जर्जर विद्यालयों की मरम्मत कराने के प्रति उदासीन दिख रहे हैं। जिसका खामियाजा छात्र-छात्राओं को चुकाना पड़ रहा है। बीते रविवार को ही नरही स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की एक क्लास की छत गिर गई थी। अब पांच दिन बाद शनिवार को ही मोहनलालगंज ब्लॉक निगोहा के मदापुर प्राथमिक विद्यालय की छत का कुछ हिस्सा टूट कर नीचे गिर गया। गनीमत ये रहा कि कुछ हिस्सा ही गिरा और उस वक्त बच्चे भी क्लास के बाहर लंच कर रहे थे। इसलिए किसी भी बच्चे को चोट नहीं आयी।विद्यालय में हादसा होने के बाद अफरा-तरफी का माहौल बन गया। इसे देखते हुए सभी बच्चों को घर भेज दिया गया। मदापुर प्राथमिक विद्यालय में 105 बच्चे नामांकित हैं जो प्रतिदिन जर्जर भवन में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। भवन में जगह-जगह से दरारें पड़ चुकी हैं। जहां कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।


बेसिक शिक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि इस मामले की रिपोर्ट तलब की गई है। बच्चों की सुरक्षा के लिए उचित प्रबंध कराए जाएंगे।


*जानकारी के बाद नहीं पंहुचे अधिकारी*


प्राथमिक स्कूल में हादसा होने की खबर फौरन ही वहां तैनात अध्यापकों ने खण्ड शिक्षा अधिकारी के साथ-साथ अन्य सम्बंधित अधिकारियों को भी दी। इसके बावजूद मौके पर बच्चों और स्कूल का हाल देखने कोई भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं पंहुचा। सहमे हुए अभिभावक मौके पर बिना देरी के पंहुच गए। अभिभावकों ने बताया कि स्कूल की बिल्डिंग की छत बारिश में जगह-जगह टपकने के साथ छत का प्लास्टर उखडकर जमीन पर गिरता है। बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।


[26/09, 5:00 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*समाज कल्याण के स्कूलों में भर्ती से प्रबंधक बाहर*


हिन्दुस्तान टीम,प्रयागराज:समाज कल्याण विभाग के स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया से प्रबंधकों को बाहर कर दिया गया है। प्रदेशभर के 571 स्कूलों में चयन के मानक बदलते हुए शासन ने जिलाधिकारी की अध्यक्षता में चयन समिति की व्यवस्था बनाई है।22 सितंबर को प्रमुख सचिव के. रविन्द्र नायक की ओर से जारी आदेश के अनुसार भर्ती के लिए गठित चयन समिति के अध्यक्ष जिलाधिकारी या उनके नामित अधिकारी होंगे। संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अल्पसंख्यक वर्ग का एक अधिकारी सदस्य होंगे। जबकि जिला समाज कल्याण अधिकारी को सदस्य सचिव नियुक्त किया जाएगा।जिला समाज कल्याण अधिकारी चयन समिति से अनुमोदित सूची निदेशक समाज कल्याण को भेजेंगे। इन पदों पर नियुक्ति के लिए शासन का अनुमोदन प्राप्त होने पर प्रबंधक एक महीने के अंदर चयनित के लिए नियुक्ति पत्र जारी करेंगे।


*जिले में समाज कल्याण के 31 स्कूल*


जिले में समाज कल्याण विभाग के 31 स्कूल हैं। इनमें प्रबंधक पहले बीएसए और समाज कल्याण अधिकारी से अनुमोदन लेकर नियुक्ति कर देते थे। लेन-देन के आरोप लगते थे। कुछ समय पहले एक स्कूल ने बिना बीएसए का अनुमोदन लिए शिक्षकों की भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया था।


[26/09, 5:01 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*पहले राउंड में डीएलएड की 12975 सीट आवंटित*


हिन्दुस्तान टीम,प्रयागराज:डीएलएड प्रवेश 2021 के पहले राउंड में 12975 सीटें आवंटित की गईं। परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय ने शनिवार को आवंटन जारी कर दिया। एक से 30 हजार तक रैंक वाले कुल 17402 अभ्यर्थियों ने विकल्प भरा था। इनमें 12975 का आवंटन हुआ जिसमें 7944 सीटें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षा संस्था की है। डायट और प्राइवेट कॉलेजों की मिलाकर 228900 सीटें हैं। 30001 से एक लाख रैंक तक वाले और पूर्व के ऐसे अभ्यर्थी जिनका संस्था आवंटन न हुआ हो, 25 से 27 सितंबर तक विकल्प देंगे। इनका संस्था आवंटन 28 सितंबर को जारी होगा।


[26/09, 5:02 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*92 केंद्रों पर प्रवक्ता आश्रम पद्धति भर्ती परीक्षा आज*


हिन्दुस्तान टीम,प्रयागराज:राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता भर्ती के लिए लिखित परीक्षा रविवार को प्रयागराज और लखनऊ में 11 से 1 बजे की पाली में होगी। भौतिक विज्ञान के 30, रसायन 26, जीव विज्ञान 33 और गणित के 35 कुल 124 पदों पर भर्ती के लिए होने जा रही परीक्षा के लिए दोनों शहरों में कुल 92 केंद्र बनाए गए हैं। प्रयागराज के 47 केंद्रों पर रसायन विज्ञान और गणित के 21844 और लखनऊ के 45 केंद्रों पर भौतिक व जीव विज्ञान 21070 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।


[26/09, 5:04 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*अपर निजी सचिवों की चयन प्रक्रिया की अधिसूचना पर रोक*


हिन्दुस्तान टीम,प्रयागराज:इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपी सिविल सचिवालय में अपर निजी सचिवों की चयन प्रक्रिया के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग से 24 अगस्त 2021 को जारी अधिसूचना पर रोक लगा दी है। साथ ही इस मामले में आयोग और राज्य सरकार से दो सप्ताह में जवाब मांगा है।यह आदेश न्यायमूर्ति सरल श्रीवास्तव ने जयकरन व राजू कुमार सहित कई अभ्यर्थियों की याचिकाओं पर वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक खरे, अधिवक्ता सीमांत सिंह आदि को सुनकर दिया है। याचिका में कहा गया है कि नौ साल पूर्व की चयन प्रक्रिया को रद्द कर यह नई अधिसूचना जारी की गई है। याचिका के अनुसार अपर निजी सचिवों की भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2013 में शुरू की गई थी, लेकिन इसे बीच में ही रोक दिया गया। नौ वर्ष बाद पूर्व की चयन प्रक्रिया को रद्द कर नई अधिसूचना जारी की गई है। कहा गया कि लोक सेवा आयोग ने वर्ष 2013 में अधिसूचना जारी कर अपर निजी सचिवों की नियुक्ति प्रक्रिया जारी की। इसके तहत स्टेनोग्राफी व टाइप टेस्ट के अलावा कम्प्यूटर नॉलेज टेस्ट होना था। स्टेनोग्राफी व टाइप टेस्ट में याची सफल रहे और कम्प्यूटर टेस्ट का इंतजार कर रहे थे। आयोग ने कम्प्यूटर टेस्ट के लिए कई तारीख जारी कीं, लेकिन हर बार किसी न किसी कारण इसे टाल दिया गया।नौ साल के बाद 24 अगस्त 2021 को परीक्षा नियंत्रक लोक सेवा आयोग ने अधिसूचना जारी कर नए सिरे से चयन प्रक्रिया शुरू करने के लिए आवेदन मांगे हैं। अधिवक्ताओं का कहना था कि चयन प्रक्रिया को बीच में रद्द करना मनमाना है। इससे याचियों को नुकसान होगा। स्टेनोग्राफी और टाइपिंग के लिए नियमित अभ्यास की आवश्यकता होती है। याची इस चरण को पास कर चुके हैं, इसलिए उन्हें सिर्फ कम्प्यूटर टेस्ट की उम्मीद थी। पूर्व की चयन प्रक्रिया बिना किसी औचित्य के रद्द की गई है। इसका कोई कारण नहीं बताया गया। आयोग के अधिवक्ता का कहना था कि आयोग की कई परीक्षाओं में धांधली के आरोप की सीबीआई जांच चल रही है। इसलिए आयोग ने पूर्व में लिया गया टेस्ट निरस्त करने का निर्णय लिया है। कोर्ट ने आयोग और राज्य सरकार को दो सप्ताह में जवाब दाखिल करने का निर्देश देते हुए 24 अगस्त की अधिसूचना पर अगले आदेश तक के लिए रोक लगा दी है।


[26/09, 5:06 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*अध्यापक की सेवाकाल में मौत पर वारिस को ग्रेच्युटी का अधिकार*


हिन्दुस्तान टीम,प्रयागराज:इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण आदेश में कहा कि सेवानिवृत्त होने से पहले ही मृत्यु होने पर अध्यापक के वारिसों को इस आधार पर ग्रेच्युटी देने से इनकार नहीं किया जा सकता कि अध्यापक ने सेवानिवृत्ति विकल्प नहीं भरा था।कोर्ट ने कहा कि सेवा नियमावली के अनुसार तीन साल की सेवा करने वाले अध्यापक को प्राप्त अंतिम वेतन का छह गुना ग्रेच्युटी पाने का अधिकार है। सेवानिवृत्ति आयु 60 से 62 किए जाने के बाद ग्रेच्युटी का विकल्प देने का निर्देश जारी किया गया। विकल्प सेवानिवृत्ति से एक वर्ष के भीतर देना था लेकिन विकल्प भरने से पहले ही मृत्यु हो गई। ऐसे में ग्रेच्युटी का भुगतान करने से इनकार नहीं किया जा सकता।कोर्ट ने याचिका मंजूर कर ली और तीन माह में ग्रेच्युटी की गणना कर निर्णय से याची को सूचित करने का निर्देश दिया है।यह आदेश न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा ने सुशीला यादव, अभिषेक चंद्र सिन्हा व माया देवी की याचिकाओं पर दिया है। सभी याची बेसिक स्कूल के अध्यापक के वारिस हैं। इन्हें यह कहते हुए ग्रेच्युटी देने से इनकार कर दिया गया कि अध्यापक ने विकल्प नहीं दिया था। कोर्ट ने उषा रानी केस के फैसले के हवाले से कहा कि मृत्यु कभी भी हो सकती है। यदि विकल्प नहीं भरा गया है तो इस आधार पर ग्रेच्युटी देने से मना नहीं कर सकते।1964 में नियमावली बनी। एडेड स्कूल अध्यापकों को ग्रेच्युटी देने की व्यवस्था की गई। पहले सेवानिवृत्ति आयु 58 वर्ष थी, जो बढ़कर 60 वर्ष हुई। फिर नौ नवंबर 2011 को सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाकर 62 वर्ष कर दी गई है। 60 साल में सेवानिवृत्त होने वाले अध्यापकों को ग्रेच्युटी पाने का हक है। इसके लिए विकल्प भरना होगा। सवाल उठा कि पहले ही मृत्यु हो गई तो विकल्प के अभाव में क्या ग्रेच्युटी से इनकार कर सकते हैं। कोर्ट ने कहा कि सेवाकाल में मृत्यु की दशा में ग्रेच्युटी देने से इनकार नहीं किया जा सकता।


[26/09, 5:07 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*यूपी लेखपाल भर्ती: कटऑफ मार्क्स से नीचे वालों को नियुक्ति का हक नहीं-हाईकोर्ट*


विधि संवाददाता,प्रयागराज:इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि चयनित अभ्यर्थियों के सेवा में ज्वाइन न करने से कटऑफ मार्क्स से नीचे अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अधिकार नहीं मिल सकता। कोर्ट ने कहा कि यदि भर्ती में अभ्यर्थियों की प्रतीक्षा सूची तैयार करने का कोई प्रावधान नहीं है तो चयनित अभ्यर्थियों के ज्वाइन न करने से कटऑफ मार्क्स से नीचे के अंक वाले अभ्यर्थियों की नियुक्ति नहीं की जा सकती।यह निर्णय न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार मिश्र ने मनोज कुमार मिश्र व छह अन्य की याचिका  खारिज करते हुए दिया है। कोर्ट ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की संवैधानिक पीठ ने संकर्षण दास केस में यह फैसला दे रखा है कि यदि वेटिंग लिस्ट बनाने का कोई प्रावधान नहीं है तो कटऑफ मार्क्स से नीचे अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति पाने का कोई अधिकार नहीं बनता और नियुक्ति पाने के लिए दायर ऐसे अभ्यर्थियों की याचिका पोषणीय नहीं होगी।


*यह है मामला:*


मामले के तथ्यों के अनुसार याचियों ने लेखपाल भर्ती के विज्ञापन के तहत नौकरी के लिए आवेदन किया था। यह भर्ती अलग-अलग जिलों के लिए अलग-अलग जारी विज्ञापन के तहत की जानी थी। विज्ञापन विभिन्न डीएम ने निकाला था। याचियों ने आवेदन किया था लेकिन नंबर कटऑफ मार्क्स से नीचे होने के कारण उनका लेखपाल पद पर चयन नहीं हो सका था। याचिका दाखिल कर मांग की गई कि चयनित अभ्यर्थियों में से कई ने ज्वाइन नहीं किया है। ऐसे में रिक्त रह गए पदों पर याचियों की नियुक्ति की जाए।  सरकार ने अपने जवाबी हलफ़नामा में कहा कि इस भर्ती में वेटिंग लिस्ट बनाने का कोई प्रावधान नहीं है। याचियों का चयन सूची में नाम होने मात्र से नियुक्ति पाने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है। कोर्ट ने याचिका खारिज करते  हुए कहा कि वैसे भी इस लेखपाल भर्ती को पूर्ण हुए छह वर्ष बीत चुके हैं। साथ ही किसी  स्पष्ट प्रावधान के अभाव में याचिका में चाही गई मांग पूरी नहीं की जा सकती है।


[26/09, 5:08 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*आगरा वायरल वीडियो: स्कूल में डांस करने वाली पांच शिक्षिकाओं को विभाग ने किया निलंबित*


न्यूज डेस्क अमर उजाला, आगरा:आगरा के अछनेरा के प्राथमिक विद्यालय सांधन के वायरल वीडियो में नृत्य करती दिख रहीं स्कूल की पांच शिक्षिकाओं को निलंबित कर दिया गया है। शनिवार को प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी बृजराज सिंह ने संबंधित ब्लाक के खंड शिक्षा अधिकारी की संस्तुति पर यह कार्रवाई की। वायरल वीडियो मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है। समिति के सदस्यों को तीन दिन के अंदर निलंबित शिक्षिकाओं को आरोपपत्र देना है। 15 दिन में मामले की जांच कर प्रभारी बीएसए को रिपोर्ट देनी है। प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी के मुताबिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक की ओर से खंड शिक्षा अधिकारी को स्पष्टीकरण दिया गया कि वायरल वीडियो 17 मार्च का है। वह उस दिन बीआरसी, अछनेरा में शैक्षणिक संगोष्ठी में हिस्सा लेने गए थे। उन्हें इस नृत्य कार्यक्रम की जानकारी पहले से नहीं थी। वायरल वीडियो में विद्यालय की शिक्षिका रश्मि सिसौदिया, अंजली यादव, सुमन कुमारी, सुधारानी और जीविका कुमारी डांस करतीं दिखाई दे रही हैं। उन्होंने स्पष्टीकरण में कहा है कि 17 मार्च को बाल सभा व ऑनलाइन कक्षा का आयोजन किया गया था। इसके बाद शिक्षिकाओं ने हरियाणवी गाने पर डांस किया। शिक्षिका रश्मि सिसौदिया, अंजली यादव, सुमन कुमारी, सुधारानी ने स्कूल में डांस करने के लिए क्षमा मांगी है। वहीं, जीविका कुमारी ने निर्धारित समय तक स्पष्टीकरण नहीं दिया। खंड शिक्षा अधिकारी ने स्पष्टीकरण को संतोषजनक न मानते हुए पांचों शिक्षिकाओं को निलंबित करने की संस्तुति की। फिल्मी गानों पर नृत्य करने, अनैतिक आचरण करने, अध्यापक पद और विभाग की गरिमा को धूमिल करने का प्रयास किए जाने आदि आरोपों में निलंबन की कार्रवाई की गई है। खंड शिक्षा अधिकारी वीरेश कुमार, विरेंद्र कुमार शर्मा के अलावा सर्व शिक्षा अभियान की परियोजना अधिकारी कल्पना श्रीवास्तव को जांच सौंपी गई है।  


*वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग*


राष्ट्रवादी शिक्षक महासंघ की ओर से शनिवार को जिलाधिकारी व बीएसए कार्यालय में ज्ञापन दिया गया। महासंघ के प्रदेश संयोजक मुकेश डागुर का कहना है कि कोरोना काल में बंद कमरे में शिक्षिकाओं ने फिल्मी गाने पर नृत्य किया था। इसे साथ की ही एक शिक्षिका ने रिकॉर्ड कर लिया था। वही वीडियो अब वायरल हो रहा है। इस पर आपत्तिजनक टिप्पणी की जा रही हैं। शिक्षिकाएं तनाव में हैं। वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।


[26/09, 5:08 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*अक्तूबर में 11 दिन बंद रहेंगे बैंक*


लखनऊ। अक्तूबर माह में बैंक 11 दिन बंद रहेंगे। इसमें अगले माह पड़ रहे त्योहार के चलते चार दिन बंद रहेंगे। ऐसे में बेहतर होगा कि बैंक से संबंधित आवश्यक काम पहले ही निपटा लें। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि दो अक्तूबर को गांधी जयंती, 14 को महानवमी, 15 को विजयदशमी, 19 को ईद ए मिलाद की छुट्टी रहेगी। इसके अलावा प्रत्येक माह में दो शनिवार, रविवार को होने वाली छुट्टियां होंगी। ऐसे में बैंक से संबंधित कोई कार्य है तो छुट्टियों का ध्यान रखते हुए समय पर निपटा लें।


[26/09, 5:09 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*बिना कोंचिग के अपूर्वा त्रिपाठी को आईएएस में 68वीं रैंक, पीसीएस 2019 और 2020 में भी हो चुका है चयन*


वरिष्ठ संवाददाता,प्रयागराज:संघ लोक सेवा आयोग की ओर से शुक्रवार को जारी सिविल सेवा परीक्षा 2020 के परिणाम में संगमनगरी की अपूर्वा त्रिपाठी ने 68वीं रैंक हासिल की है। उन्हें दूसरे प्रयास में सफलता मिली है। मुख्य परीक्षा में उनका वैकल्पिक विषय भूगोल था। इससे पहले आईएएस 2019 की प्रारंभिक परीक्षा में सफलता मिली थी, लेकिन मुख्य परीक्षा में निराशा हाथ लगी थी। 25 साल की उम्र में देश की सबसे कठिन परीक्षा में सफलता हासिल करने वाली अपूर्वा ने बताया कि उन्होंने कोई कोचिंग नहीं की थी। वाईएमसीए सेंटेनरी स्कूल एंड कॉलेज से 2013 में 84 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं करने के बाद उन्होंने कानपुर विश्वविद्यालय से 2018 में बीटेक किया। उसके बाद अगस्त 2018 से घर पर रहकर सिविल सेवा की तैयारी करने लगीं। उनके पिता दिनेश त्रिपाठी सिंचाई विभाग में अधिशासी अभियंता हैं। मूलरूप से गोरखपुर की बांसगांव तहसील के मलांव गांव के निवासी दिनेश त्रिपाठी वर्ष 2000 से प्रयागराज में गंगानगर राजापुर में रह रहे हैं। मां सीमा त्रिपाठी गृहणी हैं। छोटी बहन अंजली बीएससी और छोटा भाई अनिमेष बीटेक कर रहा है।


*सात महीने में अपूर्वा को तीन बड़ी सफलता*


अपूर्वा त्रिपाठी ने महज सात महीने में तीन बड़ी सफलता हासिल की है। इसी साल 17 फरवरी को घोषित पीसीएस 2019 के परिणाम में उनका चयन नायब तहसीलदार के पद पर हुआ था। उसके बाद 12 अप्रैल को जारी पीसीएस 2020 के रिजल्ट में एआरटीओ के पद पर सफलता मिली। शुक्रवार को घोषित आईएएस के परिणाम में 68वीं रैंक ने मन की मुराद पूरी कर दी।


*जो परीक्षा दे रहे उसका पेपर पैटर्न जरूर देखें*


प्रतियोगी छात्रों को अपूर्वा त्रिपाठी ने सलाह दी है कि जिस परीक्षा की भी तैयारी कर रहे हैं उसके पूर्व के वर्षों के प्रश्नपत्रों को जरूर देखें। सामान्य अध्ययन के लिए एनसीईआरटी और रिफरेंस बुक के अलावा करेंट अफेयर्स के लिए वेबसाइट के कंटेट को बेहतर तरीके से इस्तेमाल करें। टेस्ट सीरीज ज्वाइन करने से पेपर लिखने में मदद मिलती है क्योंकि लिखने की प्रैक्टिस होना जरूरी है।


[26/09, 5:09 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*यूपीएसएसएससी:आबकारी सिपाही 2016 के लिए 5 अक्टूबर से प्रस्तावित इंटरव्यू स्थगित*


लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्ली:उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ( यूपीएसएसएससी ) ने आबकारी सिपाही भर्ती 2016 के अभ्यर्थियों के लिए 5 अक्टूबर 2021 से प्रस्तावित इंटरव्यू को स्थगित कर दिया है। आयोग ने अपने नोटिस में बताया कि आबकारी सिपाही (सामान्य चयन) 2016 के अभ्यर्थियों की शारीरिक मापदंड व शारीरिक परीक्षा के आधार पर सफल अभ्यर्थियों का परिणाम 17-08-2021 को जारी किया गया था।  इंटरव्यू के लिए 2266 का चयन किया गया है।इन सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार दिनांक 05-10-2021 से प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित था। लेकिन कुछ जरूरी कारणों के चलते साक्षात्कार को स्थगित कर दिया गया है।अब इस परीक्षा के साक्षात्कार 26-10-2021 मंगलवार से आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की तिथियां आयोग की वेबसाइट upsssc.gov.in पर बाद में जारी की जाएंगी।


[26/09, 5:09 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*पॉलीटेक्निक डिप्लोमा में 95.36 उत्तीर्ण, 2479 फेल*


लखनऊ। प्राविधिक शिक्षा परिषद ने शनिवार को विभिन्न परीक्षाओं का परिणाम जारी किया। डिप्लोमा इन टूल एण्ड मोल्ड मेकिंग (प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष) परीक्षा 2021, डिप्लोमा इन फॉर्मेसी प्रथम वर्ष परीक्षा परिणाम जारी किया गया। परीक्षाफल समिति की बैठक समिति अध्यक्ष विद्या सागर गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। परीक्षा में 56,461 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें 53,501 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 5548 परीक्षार्थियों को बैक पेपर के साथ उत्तीर्ण किया गया है। वहीं 2479 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण हुए हैं। परीक्षाफल 95.36 फीसद रहा।


[26/09, 5:09 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*सीबीएसई स्कूल के शैक्षिणिक स्तर का कराएगा सर्वे*


लखनऊ। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षक बोर्ड (सीबीएसई) स्कूलों में शैक्षिक स्तर जानने के लिए नेशनल अचीवमेंट सर्वे-2021 के तहत स्कूलों का सर्वे किया जाएगा। यह सर्वे केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय और एनसीआरटी के साथ मिलकर स्कूलों की गुणवत्ता परखने के लिए किया जाएगा। इसके लिए बोर्ड शिक्षकों को नामित करेगा। सर्वे के अन्तर्गत कक्षा तीन, पांच, आठ व 10 के विद्यार्थियों के पठन-पाठन का स्तर जांचा जाएगा।बोर्ड ने सभी स्कूलों से दस-दस शिक्षकों की सूची मांगी है। सर्वे के दौरान पठन-पाठन के स्तर के साथ ही सरकार की नीतियों का स्कूलों द्वारा कितना पालन किया जा रहा है। इसकी भी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। सर्वे के लिए बोर्ड की ओर से जिला समन्वयक नियुक्त किए हैं। जिला समन्वयक ही प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य, पोस्ट ग्रेजुएट टीचर, ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर एवं प्राइमरी टीचर शिक्षकों में से पर्यवेक्षक नियुक्त करने के लिए अधिकृत होंगे। सर्वे से पूर्व चयनित पर्यवेक्षकों को बोर्ड द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। लखनऊ में सीबीएसई से सम्बद्ध 187 विद्यालय हैं। जिनका सर्वे किया जाना है।


[26/09, 5:09 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*छह साल काल बाधित छात्र भी अब पूरी कर सकेंगे डिग्री*


जागरण संवाददाता, मेरठ : चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में शनिवार को कुलपति प्रोफेसर नरेंद्र कुमार तनेजा की अध्यक्षता में परीक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि अब छह साल के कालबाधित छात्र भी अपनी डिग्री पूरी कर सकेंगे। परीक्षा समिति की ओर से लिये गए निर्णयों में एक साल का कालबाधित छात्र पाच हजार रुपये और दो साल का काल बाधित छात्र 10 हजार रुपये का शुल्क देकर परीक्षा दे सकता है। इसी तरह छह साल का कालबाधित छात्र भी 10 हजार शुल्क देकर परीक्षा दे सकते हैं। इसके अलावा चुनौती मूल्याकन के लिए यदि छात्र अपनी उत्तर पुस्तिका की स्कैन कापी आनलाइन देखना चाहते हैं तो 300 रुपये शुल्क देकर कापी देख सकते हैं। स्क्रूटनी में यदि छात्र कापी का पुन: निरीक्षण कराना चाहते हैं तो 250 रुपये प्रति पेपर शुल्क देकर करा सकते हैं। बैठक में प्रति कुलपति प्रोफेसर वाई विमला, कुलसचिव धीरेंद्र वर्मा, सहायक कुलसचिव गोपनीय विकास कुमार, सहायक कुलसचिव एकाउंट कमल कृष्ण, सहायक कुलसचिव परीक्षा सत्य प्रकाश, प्रोफेसर मृदुल गुप्ता, प्रोफेसर एसएस गौरव, प्रोफेसर प्रशात कुमार, डा. मुकेश जैन, प्रोफेसर विजय जायसवाल, डा. जीनत जैदी, प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।


[26/09, 5:09 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*केजीएमयू को रद्द करना पड़ा भर्ती विज्ञापन, दिव्यांगजन आरक्षण की अनदेखी करना पड़ा भारी*


न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ:केजीएमयू के शिक्षकों की नियुक्ति में दिव्यांगजन आरक्षण संबंधी नियमों की अनदेखी भारी पड़ गई है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री और राज्यपाल के पास हुई थी और मामला कोर्ट भी पहुंच गया था। इसके बाद अब केजीएमयू ने अपना भर्ती विज्ञापन रद्द कर दिया। अब एक बार फिर नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया शुरू करनी होगी।केजीएमयू में 10 जनवरी 2020 को एनॉटमी, कम्यूनिटी मेडिसिन एंड पब्लिक हेल्थ, पीडियाट्रिक एंड प्रिवेंटिव डेंटिस्ट्री, पैथोलॉजी और फॉर्माकोलॉजी विभाग के पदों पर भर्ती करने के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। भर्ती प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार भी हो चुके हैं। बीती कार्य परिषद में इनके लिफाफे खोले जाने थे,  लेकिन यह नहीं हो सका।विवि में इसे लेकर तमाम चर्चाएं चल रही थीं। इस बीच डॉ. राजीव मिश्रा की ओर से इस संबंध में कोर्ट में रिट दाखिल कर दो बिंदुओं पर जवाब मांगा गया। पहले सवाल में उन्होंने चयन प्रक्रिया को लेकर चांसलर की ओर से कोई फैसला लेने के बारे में पूछा था।इसके जवाब में विवि ने कोई फैसला न होने की बात कही। दूसरा सवाल चयन प्रक्रिया पर कार्य परिषद के सदस्यों का मंतव्य जानने के लिए था। इस पर विवि प्रशासन ने कार्य परिषद के सदस्यों की सहमति से चयन प्रक्रिया कैंसिल करने की बात कही है।


*ई-मेल से मांगा गया कार्य परिषद सदस्यों का जवाब*


विवि की भर्ती प्रक्रिया का मामला न्यायालय पहुंचने के बाद विवि प्रशासन ने आनन-फानन कार्य परिषद सदस्यों से संपर्क साधा। सभी सदस्यों से ईमेल से भर्ती विज्ञापन रद्द करने पर सहमति या असहमति भेजने के लिए कहा। इसके लिए 22 सितंबर की तारीख तय की गई। कार्य परिषद सदस्यों से सहमति के बाद केजीएमयू प्रशासन ने भर्ती विज्ञापन रद्द कर दिया।


*नए सिरे से होगी भर्ती प्रक्रिया*


केजीएमयू कुलसचिव आशुतोष कुमार द्विवेदी ने भर्ती प्रक्रिया रद्द करने का आदेश जारी किया है। अपने आदेश में उन्होंने कार्य परिषद सदस्यों की ओर से पास किए प्रस्ताव का हवाला दिया है। यह भर्ती प्रक्रिया अब दिव्यांगजनों के लिए तय आरक्षण नियमों का पालन करते हुए नए सिरे से शुरू की जाएगी।


[26/09, 5:09 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*पीएचडी प्रवेश परीक्षा के परिणाम घोषित*


लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विवि (एकेटीयू) द्वारा पीएचडी पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा का परिणाम शनिवार को घोषित कर दिया गया। प्रवेश परीक्षा में विभिन्न विधाओं में कुल 100 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के साक्षात्कार सात से नौ अक्टूबर तक होंगे। विद्यार्थी विवि की वेबसाइट पर परीक्षा परिणाम और इंटरव्यू की समय सारणी के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं|


[26/09, 5:09 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग:संविदाकर्मी को आउटसोर्सिंग पर भेजने पर हाईकोर्ट की रोक*


विधि संवाददाता,प्रयागराज:इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (UPHESC) में 10 साल से संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत कम्प्यूटर ऑपरेटर को ठेकेदार की आउटसोर्सिंग सेवा ज्वाइन करने को बाध्य करने के आदेश पर रोक लगा दी है और राज्य सरकार व आयोग से दो सप्ताह में याचिका पर जवाब मांगा है। कोर्ट ने आयोग को निर्देश दिया कि याची को कम्प्यूटर ऑपरेटर पद का कार्य करने दिया जाए।यह आदेश न्यायमूर्ति अश्वनी कुमार मिश्र ने महबूब अली की याचिका पर दिया है। याचिका पर अधिवक्ता तनीषा जे मुनीर ने बहस की। एडवोकेट तनीषा ने कोर्ट को बताया कि याची की नियुक्ति 2011 में संविदा पर की गई। उसकी सेवा से कोई शिकायत नहीं है।आयोग ने दो सितंबर 2021 के आदेश से उसे ठेकेदार की सेवा में आउटसोर्सिंग से कार्य करने का निर्देश दिया है। यह आदेश दुर्भाग्यपूर्ण है। याची सेवा नियमितीकरण की मांग कर सकता है। इससे बचने के लिए उसे संविदा से हटाकर आउटसोर्सिंग के लिए जबरन बाध्य किया जा रहा है।


[26/09, 5:09 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*एलयू--च्वाइस फिलिंग का मौका आज भी*


लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय की सत्र 2021-22 के स्नातक के विभिन्न पाठ्यक्रमों के प्रवेश के अंतर्गत कई पाठ्यक्रमों की च्वाइस फिलिंग चल रही है। च्वाइस फिलिंग की अंतिम तिथि 25 थी जिसे बढ़ाकर 26 सितम्बर कर दिया गया है। जिनके लिए एक दिन का समय और बढ़ाया गया है, उन पाठ्यक्रमों में बीवोक, बीजेएमसी, बीएससी एग्रीकल्चर, बीएलएड, इंटीग्रेटेड एलएलबी, बीसीए, बीबीए, बीकॉम (एनईपी), बीकॉम ऑनर्स शामिल हैं।


[26/09, 5:09 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*एकेटीयू काउंसलिंग: लेफ्टओवर परीक्षाएं अक्टूबर में*


लखनऊ। एकेटीयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि विवि द्वारा 20 जुलाई से सत्र 2020-21 के सम सेमेस्टर (स्नातक/ परास्नातक) के रेगुलर व कैरी ओवर की ऑनलाइन परीक्षाएं हुई थीं। इन परीक्षाओं में कोविड-19, स्वास्थ अथवा अन्य किसी तकनीकी कारण से जिन छात्र/छात्राओं की परीक्षाएं छूट गई थीं, उनकी लेफ्ट ओवर परीक्षाएं विश्वविद्यालय द्वारा अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में कराई जाएंगी। परीक्षाओं में शामिल होने के लिए परीक्षा फॉर्म भरने के लिए ईआरपी लॉग-इन शनिवार से खुल गए हैं जो कि 30 सितम्बर तक खुले रहेंगे। इसके अतिरिक्त ऐसे सभी छात्र जिन्हें फीस या अनुशासनात्मक कारणों से डिटेन किया गया था, उन्हें अगर परीक्षा में अनुमति देनी है तो संस्थान इसके लिए 28 सितम्बर तक coeoffice@aktu.ac.in पर पत्र भेज सकते हैं।


[26/09, 5:09 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*हाईकोर्ट : हेड कांस्टेबल की ग्रेच्युटी में देरी पर ब्याज के भुगतान का निर्देश*


विधि संवाददाता,प्रयागराज:इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गोरखपुर से सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल को ग्रेच्युटी के भुगतान में देरी करने पर सेवानिवृत्ति की तिथि से वास्तविक भुगतान तिथि तक की अवधि के ब्याज का तीन माह में भुगतान का निर्देश दिया है।यह आदेश न्यायमूर्ति नीरज तिवारी ने बनारसी प्रसाद की याचिका पर दिया है। याचिका पर अधिवक्ता बीएन सिंह राठौर ने बहस की कि याची को ग्रेच्युटी देने में छह साल की देरी की गई इसलिए वह 18 फीसदी ब्याज पाने का हकदार है। याची 1994 में बस्ती जिले में कांस्टेबल पद पर नियुक्त किया गया। आपराधिक केस दर्ज होने के कारण उसे 23 नवंबर 1994 को निलंबित कर दिया गया। कोर्ट के आदेश पर 13 मार्च 1997 को बहाल हुआ। 31 अक्तूबर 2010 को हेड कांस्टेबल पद से सेवानिवृत्त हुआ। 10 अप्रैल 2017 को आपराधिक केस में बरी कर दिया गया। इसके बाद विभागीय कार्यवाही भी समाप्त हो गई। उसे सेवानिवृत्ति से ही ग्रेच्युटी दी जानी थी लेकिन नहीं दी गई। 26 नवंबर 2017 को ग्रेच्युटी का भुगतान किया गया, जिस पर याची ने भुगतान में देरी के लिए ब्याज की मांग की। कोर्ट ने कमलेश्वर प्रसाद राय केस के फैसले के तहत याचिका स्वीकार कर ली है।


[26/09, 5:09 am] Tr.Dinesh Chandra Gupta: 


🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹


*प्रयागराज: रिक्त पदों पर कट ऑफ मार्क से नीचे के अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अधिकार नहीं, हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका*


संवाद न्यूज एजेंसी, प्रयागराज:इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि चयनित अभ्यर्थियों के सेवा में ज्वाइन न करने से बचे पदों पर कट ऑफ मार्क से नीचे अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति पाने का अधिकार नहीं मिल सकता है। कोर्ट ने कहा कि यदि भर्ती में अभ्यर्थियों की  प्रतीक्षा सूची तैयार करने का कोई प्रावधान नहीं है तो मेरिट से नीचे अंक पाने वाले अभ्यर्थियों की नियुक्ति नहीं की जा सकती है।यह निर्णय न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार मिश्र ने मनोज कुमार मिश्र व 6 अन्य याचिकाकर्ताओं की याचिका को खारिज करते हुए दिया है। कोर्ट ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की सांविधानिक पीठ ने शंकरसन दास केस में यह फैसला दिया है कि अगर वेटिंग लिस्ट बनाने का कोई प्रावधान नहीं है तो कट ऑफ मार्क से नीचे अंक पाने वाले ऐसे अभ्यर्थियों को नियुक्ति पाने का कोई अधिकार नहीं बनता और उनके द्वारा नियुक्ति पाने के लिए दायर याचिका पोषणीय नहीं होगी।याचिका के अनुसार याचीगण ने लेखपाल भर्ती के लिए निकले विज्ञापन के तहत नौकरी के लिए आवेदन किया था। यह भर्ती अलग-अलग जिलों के लिए अलग-अलग जारी विज्ञापन के तहत होनी थी। विज्ञापन संबंधित जिले  के जिलाधिकारी ने निकाला था। याचीगण ने आवेदन किया था, परंतु उनके अंक कट ऑफ मार्क से नीचे होने के कारण उनका लेखपाल पद पर चयन नहीं हो सका था।याचिका दाखिल कर मांग की गई थी कि चूंकि चयनित अभ्यर्थियों में से कई ने ज्वाइन नहीं किया है। इस कारण ज्वाइन न करने से रिक्त रह गए पदों पर उनकी नियुक्ति की जाए। सरकार ने अपने जवाबी हलफनामे में कहा था कि इस भर्ती में प्रतीक्षा सूची बनाने का प्रावधान नहीं है। याचीगण का चयन सूची में नाम होने मात्र से उन्हें नियुक्ति पाने का कोई कानूनी अधिकार नहीं मिल जाता है। कोर्ट ने याचिका को खारिज करते हुए कहा कि वैसे भी इस लेखपाल भर्ती को पूरा हुए 6 वर्ष बीत चुके हैं। किसी स्पष्ट प्रावधान के अभाव में याचिका में चाही गई मांग पूरी नहीं की जा सकती है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

PGT Interview 2021: विषय-Education की लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की PDF सूची डाउनलोड करे, देखे अपने साक्षात्कार की समयसारिणी